Monday, July 13, 2009

अंधविश्वास पर विश्वास कीजिये

अन्धविश्वासी या रूढिवादी व्यक्ति अच्छी नजर से नहीं देखा जाता. उदाहरणस्वरूप यदि बिल्ली रास्ता काट जाए और इसे अपशकुन मान कोई व्यक्ति अपना कोई कार्य स्थगित कर दे तो वह पिछड़ा माना जाएगा.लेकिन मैं यहाँ, अंधविश्वास पर विश्वास न करते हुए भी उसके पक्ष में लिखने जा रहा हूँ.हमें ठीक ठीक यह मालूम नहीं है कि बिल्ली का रास्ता काटना अपशकुन(बुरा) क्यों है. लेकिन यदि बिल्ली के रास्ता काटने पर कोई व्यक्ति अपना प्रस्थान स्थगित कर देता है और ऐसा करने से उसकी कोई हानि नहीं होती तो इसमें बुराई क्या है. पिछले दिनों एक ब्लॉग में समाचार पत्रों में छपने वाले दैनिक या साप्ताहिक भविष्य फल की आलोचना की गयी थी. इन भविष्य फलों पर अविश्वास करने के बावजूद मैं यह कहना चाहता हूँ कि यदि आपके भविष्य फल में लिखा है कि नीला रंग शुभ फल दायक है. आपके पास नीली शर्ट है. उसे आप पहन लेते हैं तो हानि क्या है. मेरे कहने का तात्पर्य यह है कि अन्धविश्वासी बातों पर अंधविश्वास तो मत कीजिये लेकिन यदि उन बातों को मानने से किसी का कोई नुक्सान न होता हो तो उन्हें मानने में हर्ज नहीं. हाँ ये अंधविश्वास उपजे कैसे इसकी तर्क संगत खोज की जानी चाहिए. ऐसा न हो कि गहराई में जाने पर हमें मालूम पड़े कि जिसे हम अंधविश्वास मानते थे वह एक वैज्ञानिक सच्चाई है.

एक सत्य घटना देकर अपनी बात समाप्त करता हूँ.- मेरी बेटी, जो अब एक बच्ची की माँ है,जन्म के कुछ दिन भीतर ही पीलिया से पीड़ित हो गयी और उसके गले के पास एक फोड़ा हो गया,जिसका आपरेशन २०-२५ दिन की आयु के भीतर ही करना पडा था. बच्ची अस्पताल में थी और उस के जीवित रहने की आशा बहुत कम थी.हमारे एक पारिवारिक मित्र ( जिनका अहसान मैं आज भी मानता हूँ ) ने राय दी कि बच्ची की झाड़ फूंक की जावे.इन बातों पर विश्वास न होने के कारण मैंने विशेष रूचि नहीं ली.अधिक आग्रह करने पर मैं यह उपाय भी आजमाने को राजी हो गया. मैं यह नहीं मानता कि मेरी बेटी उस झाड़ फूंक से बच गयी. लेकिन यह मानता हूँ कि यदि झाड़ फूंक न की होती और उसका अनिष्ट हो जाता तो आजीवन मलाल रहता.

Thursday, July 9, 2009

श्रद्धांजलि

दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देने हेतु लोगों के अपने अपने तरीके हैं. कुछ लोग समाचार पत्रों में विज्ञापन दे कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हैं. एक परिवार द्बारा अपने दिवंगत आत्मीय की
प्रथम पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि देने हेतु दिए गए विज्ञापन में मैंने एक कविता पढी.मैं न तो उस दिवंगत आत्मा को जानता हूँ. न उनके परिवार को. मुझे यह भी मालूम नहीं कि कविता उस परिवार ने कहीं से उद्धृत की है या परिवार के ही किसी सदस्य ने लिखी है. वह कविता मुझे एक उत्कृष्ट रचना लगी. मैं उसे आप लोगों से साझा करना चाहता हूँ -

पत्र में मैंने लिखी
कुछ वेदना की बात थी,
नम आँखों की दवात में,
स्याही भी पर्याप्त थी |
वर्ष भर लिखता रहा
तुम्हारे विछोह में,
किन्तु पत्र भेज न सका
पते की उहापोह में -
पता भी अज्ञात था,
शहर-गली अज्ञात थी -
सिर्फ नाम लिख दिया पत्र डाल दिया डाक में -
दूसरे ही दिन खड़ा था, देख कर अवाक मैं,
पत्र ले कर मेरे सामने खड़ा था डाकिया
मेरे अन्दर ही तो उसने, तुम्हें था जो पा लिया ||

Saturday, July 4, 2009

सवा साल की नातिन ने दिया ज्ञान

मेरी सवा साल की नातिन हमेशा खुश रहती है. उसकी खुशी, खिलखिलाहट, चंचलता और शैतानियाँ मुझे भी खुश कर देती हैं. मैं सोचता हूँ - मेरी नातिन की खुशी का राज क्या है ? क्या मेरी नातिन को मेरी तरह कोई तनाव नहीं है ? - है. जब उसको किसी शैतानी करने से रोका जाता है तो वह खीझ जाती है. तब या तो वह उस शैतानी को भूल किसी दूसरी शैतानी मैं व्यस्त हो जाती है या जोर जोर से रो- चिल्ला कर अपना रोष व्यक्त करने लगती है. अर्थात उसने अपने तनाव दूर करने के रास्ते खोज रखे हैं - या तो भूल जाओ कि कोई तनाव पैदा करने वाला कारण भी है या अपना रोष खुल कर प्रकट कर दो.

मैं अपने से तुलना करता हूँ - मैं अपने सारे तनाव अपने पास ही रखता हूँ. किसी एक को भी भूल नहीं पाता और न ही उन तनावों के खिलाफ खुल कर अपना गुस्सा निकाल पाता हूँ. ज्ञानदत्त पाण्डेय जी द्वारा बताया गया नुस्खा मुझे रास नहीं आया. नातिन के खुश रहने का दूसरा कारण छोटी-छोटी बातों में खुशी ढूंढ लेना है. जब डोर बेल बजती है, वह दरवाजे की ओर इशारा कर के और 'वो' शब्द का उच्चारण कर के बताती है- कोई आया है. दरवाजा खोलने पर जब उसके पापा खड़े मिलते हैं तो उसके चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ जाती है. उनके हाथ से हेलमेट ले कर टेबल तक पहुंचाने और उसके बाद उनकी गोद में जाना भी उसकी खुशी का एक स्रोत है.उसको जब दो नन्हीं चूडियाँ पहनाई जाती हैं. वह खुश हो जाती है और हाथ नचा नचा के.'चूई' 'चूई' बोलती हुई अपनी चूड़ियाँ दिखाती है.

क्या मेरे पास नातिन की तरह खुश होने के छोटे छोटे कारण नहीं हैं ?- हैं. मुझे सब कुछ भूल कर खुश होना चाहिए जब मेरी बालकनी में चिड़िया आकर फुदकने लगती है, जब बारिश की बूँदें रिमझिम कर मुझे भिगोने लगती हैं, जब पत्नी के साथ बैठ कर सुकून से चाय की चुस्की ले रहा होता हूँ या परिवार के साथ बैठ कर भोजन कर रहा होता हूँ. लेकिन शायद उस समय भी मेरे मस्तिष्क में मायकल जैक्सन की मौत, रेल बजट या कार्यस्थल के तनावों को लेकर ऊहापोह चल रही होती है.

तो क्या मैं इस लिए खुश नहीं हो सकता क्योंकि मैं बच्चा नहीं बन सकता ? तभी मेरी नातिन अपनी शैतानियों के क्रम में मंदिर से श्रीमद्भग्वद्गीता का गुटका उठा कर ले आती है, मानो कह रही हो - नानाजी आपकी खुशियों का राज इसमें छुपा है.

Sunday, May 24, 2009

कविता

कितना बेचैन था
मैं
मेरे बेटे
तेरे आने की प्रतीक्षा में.

तू आया
मगर मुर्दा.

मैं पहले रोया
औ़र फिर हँसा.

और तेरी माँ
नौ महीने की व्यर्थ साधना का फल पा कर
तड़फती रही
बिस्तर पर.

लेकिन मेरे बेटे
तेरी माँ
खुशनसीब है शायद
मेरी माँ की अपेक्षा.

क्योंकि मैं जिंदा हूँ
अब तक.

Saturday, May 16, 2009

कचड़ा दर्शन

आज सुबह के भ्रमण के दौरान मेरा चिंतन कचड़े के एक ढेर के पास जाग उठा.उस स्थान पर नगर नि़गम वालों ने एक ट्रोली रखी थी, जिसमें कचड़ा डाला जाना चाहिए. लेकिन अधिकांश कचड़ा ट्रोली के आसपास बिखरा था, जो हमारी नागरिक चेतना को उजागर कर रहा था. कचड़ा बीनने वाले दो लड़के उस ढेर से अपने मतलब का कचड़ा बीन रहे थे, जिसे बेच कर वे कुछ धन प्राप्त कर सकें.मेरा चिंतन बोल उठा- कचड़ा भी सापेक्ष होता है. जो एक के लिए कचड़ा है वही दूसरे के लिए मूल्यवान हो जाता है. साहित्यकार पत्रकार श्री राजेन्द्र यादव ब्लॉग लेखन को कचड़ा करार देते हैं, लेकिन हम जैसों को ब्लॉग में एक नहीं अनेकों सार्थक चीजें मिल जाती हैं.

सराफा बाजार में मैंने सफाई कर्मियों को घंटों नाली की सफाई करते देखा है. वे इस मनोयोग से अपनी ड्यूटी नहीं करते , बल्कि उस नाली में कुछ सोने के कण ढूंढ रहे होते हैं. भारतीय मतदाता इतना भाग्यशाली तो नहीं कि उसे कचड़े के ढेर में सोना मिल जाए. लेकिन उसने अपना कर्त्तव्य पूरा कर दिया. उसे कचड़े का एक ढेर दिया गया था और कहा गया था कि इसमें जो थोड़ा बहुत काम का कचड़ा दिखे उसे छांट लो. सो उसने कर दिखाया. जय भारत.

Sunday, May 10, 2009

कवि जो तार सप्तक में नहीं हैं

आज मुझे मेरे छोटे से पुस्तकों के संग्रह के बीच नन्हे कवि कुशाग्र. के नाना श्री भैरव दत्त जोशी, जो इस समय लगभग नब्बे वर्ष के हैं, का एक टंकित कविता संग्रह मिला. खड़ी बाजार, रानीखेत (उत्तराखंड) के निवासी श्री जोशी एक अच्छे चित्रकार भी रहे हैं और उन्हें कुछ पुरस्कार भी मिले हैं, जिनकी पूर्ण जानकारी मेरे पास उपलब्ध नहीं है. बहरहाल यहाँ मैं उनकी कविताओं की बात कर रहा हूँ. यह कविता संग्रह पढ़ कर मुझे लगा कि केवल तार सप्तक और पत्र पत्रिकाओं में छपने वाले, मंच पर कविता पाठ करने वाले और ब्लॉग लिखने वाले ही कवि नहीं होते. कवि और भी हैं जिनमें से एक श्री भैरव दत्त जोशी भी हैं. अफ़सोस यही है कि विभिन्न कारणों से ऐसे कवियों द्वारा रची गयी श्रेष्ठ रचनाओं से अधिकांश पाठक वंचित रह जाते हैं. प्रस्तुत है श्री जोशी की एक कविता जो उन्होंने १९८५ में लिखी थी.


सुबह ने होते ही पहले आकाश को संवारा
और सारा क्षितिज अनुराग से भर दिया.
पर्वतों की चोटियां रक्तिम स्वर्ण हो गयीं
किसी तप्त लालसा से नहीं,
प्यार की पहली लजीली मुस्कराहट से,
जो आशामय दिव्याभा की नवागता किरण थी |

सुबह के होते ही पक्षियों ने स्वागत गीत गाये,
पशुओं ने प्रसन्न नेत्रों से निहारा,
पत्थर सम्मान के लिए जगमगा उठे,
झाड़ियों, वृक्षों तथा अन्यत्र धरती में
हरीतिमा का उल्लास छा गया.
सुगंध बिखराते हुए फूल खिलखिला उठे
अधीर भौंरे तथा तितलियाँ
प्यार के मधुपान को निकल पड़े |

किन्तु इंसान ने, याने प्रबुद्ध मानव जाति ने
सुबह के होने को ललचाई निगाहों से देखा
और निकल पड़े कारोबार के नाम पर
एक दूसरे को ठगने के लिए
अथवा लाठी के बल पर भैंस लाने के लिए
या इस कारोबार शब्द का कोई अन्य अर्थ है
तो मैं नहीं जानता |

मैंने इतना अवश्य देखा
कि सारी लालिमा नष्ट हो गयी.
हरियाली मुरझा गयी.
वातावरण में एक चीखता शोर गूँज उठा
सर्वत्र प्रदूषण की विषाक्त घुटन छा गयी
और शान्ति,सौन्दर्य तथा अनुराग की
वह सुकोमल दिव्याभा,
जो अभी सुशोभित थी
सहसा जाने कहाँ खो गयी |.

Wednesday, May 6, 2009

सुशासन उर्फ़ अंधेर नगरी चौपट राजा

चुनाव के मौसम में कुछ राजनैतिक दल सुशासन का नारा भी बुलंद करते आए हैं। सुशासन कैसा होता है , दुर्भाग्यवश यह हम आजादी के बाद से अब तक नहीं देख पाये हैं। कामना है कि आने वाली पीढी उसे देख पाये।


सुनते हैं लालूजी के पटना से पलायन के बाद बिहार में सुशासन की थोड़ी बहुत झलक दिखाई देती है। ये सूचना हमें समाचार पात्र और टी वी से मिली। हमने बिहार के सुशासन का अनुमान लगाया है। शायद अब वहाँ मुख्य मंत्री के रिश्तेदारों का दर्जा भगवानके बाद दूसरे से हट कर नीचे आ गया होगा। शायद पटना में अब रात को आठ बजे बाद भी सड़कों में निकलने की हिम्मत की जा सकती होगी।


ऐसे ही सुशासन की कुछ ख़बर हमने समाचार पत्रों में मध्य प्रदेश के बारे में पढी थी। विधान सभा चुनावों के बाद संचार माध्यमों ने हमें बताया था कि वहाँ मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सुशासन ने भाजपा को दुबारा सत्ता दिलाई है। आजादी के बाद से ही सुशासन की राह ताकने को मजबूर हमने स्वयं सुशासन के दर्शन करने की ठानी और राजधानी भोपाल पंहुच गए। हमारा मानना है कि भोपाल में सर्वोत्तम दर्शनीय स्थल बड़ा तालाब है। इस तालाब को हम पहले देख चुके थे। इसकी विशालता और बरसात में उठती ऊंची ऊंची लहरों ने हमें समुद्र दर्शन का आनंद दिया था। सो सबसे पहले हमने तालाब देखने की ठानी।


तालाब दर्शन हेतु जाते हुए रास्ते में ही हमें वहाँ के सुशासन के दर्शन हो गए। सड़कें खुदी हुई थीं। पता चला कि पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कें खुदी हुई हैं।यह हाल पिछले २०-२५ दिनों से था। उन सड़कों में जो वाहन चला ले वह सर्कस के मौत के कुएं में वाहन चलाने का आनंद ले सकता था। वाहन के शाकाप , पिस्टन आदि की चिंता इंश्योरेंस वालों पर छोड़ते हुए हम एक चौराहे पर पहुँच गए। हमें लगा सुशासन इसी चौराहे पर है। क्योंकि वहाँ लाल हरी बत्तियां न केवल लगी हुई थीं अपितु काम भी कर रही थीं। यही नहीं वहाँ ट्रेफिक का एक सिपाही भी खडा था। उस चौराहे पर हम भोपाल वासियों के वाहन चलाने की योग्यता के कायल हो गए। बत्तियां क्रमानुसार जल बुझ रही थीं,क्योंकि उनका काम जलना बुझना था और यदि काम सुचारू रूप से हो रहा है तो सुशासन है। वाहन चालाक शायद रंगभेदी नीति के घोर विरोधी थे। वे बत्तियों के रंगों की तनिक भी चिंता न करते हुए ,एक दूसरे से होड़ करते हुए , आधा पौन इंच के फासले से कट मारते हुए वाहन दौड़ का अभ्यास करते प्रतीत होते थे.हमें लगा यदि ओलम्पिक में वाहन दौड़ प्रतियोगिता होती हो तो अभिनव बिंद्रा के बाद कोई भोपाल वासी अपने दम पर देश के लिए स्वर्ण पदक ला सकता है। ट्रेफिक का सिपाही आसपास के घटना क्रम से निर्लिप्त रहते हुए राम राज्य और सुशासन दोनों की ही गवाही दे रहा था। राम राज्य में प्रजा सुखी रहती है और सिपाही ट्रेफिक नियमों की धज्जियाँ उडाने वाली प्रजा की अनदेखी करके उन्हें सुखी बना रहा था। साथ ही ड्यूटी टाइम में ड्यूटी पर मौजूद रहते हुए सुशासन के दर्शन करा रहा था।


हमारे मेजबान ने हमें एक तालाबनुमा पोखर के सामने ले जाते हुए कहा - यह रहा बड़ा तालाब। हमने उन्हें किसी मनोचिकित्सक से मिलने की सलाह देते हुए कहा- भाई इन छोटे तालाबों को देखने की हमें कोई चाह नहीं है, हमें बड़ा तालाब ले चलो। जवाब में उन्होंने हमें नेत्र चिकित्सक से मिलने की सलाह देते हुए आश्वस्त किया कि यही भोपाल की शान बड़ा तालाब है। तालाब की दुर्दशा देख हमें ऐसा धक्का लगा कि हम मेजबान से ह्रदय रोग चिकित्सक का पता पूछने लगे। हमें लगा शायद सुशासन इसी तालाब में समा गया है।


मध्य प्रदेश में स्थानीय शासन द्वारा पानी सप्लाय की भी दयनीय स्थिति है। राजधानी भोपाल में एक दिन छोड़ पानी आता है। अन्य स्थानो,जिनमें क्षिप्रा नदी के किनारे बसा उज्जैन भी शामिल है, में और भी बुरी हालत है। कहीं पुलिस के पहरे में पानी का वितरण होता है तो कहीं पानी के टैंकर को लूटने की घटना सामने आती है। हमने जगह जगह सरे आम मोटर द्वारा सप्लाय लाइन से पानी की चोरी होते हुए देखा, लेकिन सुशासन इसे शायद इस लिए नहीं देख पाता क्योंकि पानी की सप्लाय सुबह होती है और काम के बोझ का मारा सुशासन तब तक जग नहीं पाता होगा।


हमें लगा कि सुशासन को लाने में मतदाता सहयोग नहीं दे रहे हैं। मतदाता यदि अटलजी को भारत को कुछ दिन और चमकाने देते तो अटल जी भारत की नदियों को जोड़ करे सुशासन ले आते और मध्य प्रदेशवासियों को पानी मिल जाया करता। हम समझ गए कि मतदाता ही सुशासन की राह के रोडे हैं।


मध्य प्रदेश ऊर्जा की बचत के मामले में भी सुशासित लगा। वहाँ घंटों बिजली गुल रहती है और इस प्रकार ऊर्जा बचत हेतु अन्य प्रदेशों के लिए एक प्रेरणाश्रोत बन गया है। वहाँ की बिजली बोर्ड ने बिजली चोरी रोकने का एक अनूठा सिद्धांत निकाला है, जिसे सुन बोर्ड के अधिकारियों की प्रतिभा और सुशासन लाने के उनके प्रयासों ने हमें चौंका दिया। शायद सुन के आप भी कम हैरान नहीं होंगे। वे लोग उन लोगों के प्रति कोई कार्रवाई नहीं करते जो बिजली चोरी करते हैं। वे उन क्षेत्रों की बिजली में कटौती करते हैं जिन क्षेत्रों में बिजली चोरी होती है। खुले आम में लाइन में तार डाल बिजली चोरी करने वालों को रोकना वे झंझट का काम समझते हैं, क्योंकि ऐसे लोगों की दादागिरी से पंगा लेने की अपेक्षा ईमानदारी से बिजली का बिल भरने वालों की बिजली काट देना आसान होता है।


सड़क, बिजली,पानी के सुशासन को देख हम उबरे ही थे कि समाचार पत्र पर नजर पडी - चार माह में ७२ लूट! यह आंकडा भोपाल शहर काम था। पता चला अधिकाँश शिकार लाडली लक्ष्मियाँ ( महिलाएं ) थीं। हमने कहा- आख़िर महिलाएं चेन पहन, हेंड बैग लटका, मोबाईल हाथ में ले दूर दूर जाती क्यों हैं ? क्या जब तालिबान आयेंगे तभी इन पर लगाम लगेगी ? अफ़सोस ! हमें बताया गया- बहुत सारी घटनाएं दूध लेने जाते हुए या कुत्ते को घुमाते हुए घर के आसपास ही हुई थीं और घटनाओं को अंजाम देने वाले अन्य शहरों से आए हुए इंजीनियरिंग की पढाई करने वाले छात्र हैं। हम तुंरत माजरा समझ गये। लोग अपनी औकात जाने बिना लड़कों को इंजीनियरिंग की पढाई के लिए भेज देते है। उनकी फीस, किताबें, रहना,खाना और थोडा बहुत जेब खर्च की व्यवस्था तो वे जैसे जैसे जैसे जैसे तैसे करते हैं लेकिन मंहगे मोबाईल ,bike का फालतू पेट्रोल, शराब - सिगरेट का खर्च भेजने में उनकी नानी याद आ जाती है। युवा भावी इंजिनियर भी अपने माँ बाप की आर्थिक स्थिति का आकलन कर उन पर बोझ न बनते हुए विदेशों की तर्ज पर स्वावलंबी बनने का प्रयास करते दिखाई देते है।


हम निराश हो गए। हम जिस सुशासन के दर्शन करने आए थे वह हमें यहाँ भी नहीं मिला। तभी किसी ने कहा- chintaa मत करो , १६ मई को sushaasan आने वाला है। क्या वाकई ?